पांकी। प्रधानमंत्री के आह्वान पर चलाए जा रहे 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान के तहत हरिवंश बालिका उच्च विद्यालय, पांकी में बुधवार को पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भाजपा नेत्री डॉ. नमिता देवी उर्फ लवली गुप्ता ने विद्यालय परिसर में पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और सभी लोगों से अपनी मां के सम्मान में कम से कम एक पौधा लगाने तथा उसकी नियमित देखभाल करने की अपील की।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रनीत कुमार द्वारा अतिथियों के स्वागत से हुई। इस अवसर पर डॉ. नमिता देवी ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण आवश्यक है। उन्होंने कहा कि 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान प्रकृति, मातृत्व और पर्यावरण संरक्षण के प्रति सम्मान व्यक्त करने का एक जन आंदोलन है, जिसमें प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी जरूरी है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के शिक्षक एवं छात्र-छात्राओं ने भी पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। साथ ही विद्यालय परिवार ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का भी निर्णय लिया, ताकि पर्यावरण संरक्षण का यह अभियान सफल और सार्थक बन सके।
0 टिप्पणियाँ