मेदिनीनगर (पलामू)। पलामू के उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में जिले के विभिन्न नगर निकायों द्वारा संचालित विकास योजनाओं और नागरिक सुविधाओं की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने सभी योजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने का निर्देश अधिकारियों को दिया।
बैठक में मेदिनीनगर नगर निगम क्षेत्र में संचालित एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट), बड़ा तालाब की स्थिति तथा तालाबों की नियमित सफाई के लिए पॉन्ड क्लीनिंग मशीन की खरीद की प्रगति की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को इन कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया।
शहर में सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए प्रस्तावित स्थानों पर किए गए सर्वे की भी समीक्षा हुई। डीसी ने सर्वे रिपोर्ट के आधार पर प्राथमिकता वाले स्थानों को चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बारिश के मौसम में जलजमाव की समस्या पर चिंता जताते हुए उपायुक्त ने सहायक नगर आयुक्त को शहर के जलभराव वाले क्षेत्रों का विस्तृत सर्वे कराने और स्थायी समाधान के लिए कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया।
बैठक में जुडको की योजनाओं, शहरी जलापूर्ति, वाटर ट्रीटमेंट प्लांट, अघोर आश्रम स्थित शहरी आवास योजना, वार्ड-23 में निर्माणाधीन इंडोर स्टेडियम, स्ट्रीट लाइट, साफ-सफाई, होल्डिंग एवं प्रॉपर्टी टैक्स वसूली, सॉलिड एवं लिक्विड वेस्ट मैनेजमेंट, एफएसटीपी, पार्क निर्माण सहित अन्य विकास कार्यों की भी समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विकास योजनाओं का प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बैठक में सहायक समाहर्ता ऋत्विक मेहता, सहायक नगर आयुक्त, विभिन्न नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारी एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ