तरहसी (पलामू): तरहसी प्रखंड के कसियाडीह पारपाइन में बरसाती नाला पर निर्माणाधीन पुल को लेकर ग्रामीणों ने निर्माण गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि पुल निर्माण में मानकों की अनदेखी की जा रही है तथा विभागीय निगरानी भी पर्याप्त नहीं है। उन्होंने पूरे निर्माण कार्य की स्वतंत्र तकनीकी जांच कराने की मांग की है।
शनिवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण निर्माण स्थल पर पहुंचे और निर्माण कार्य का विरोध करते हुए अपनी शिकायतें सामने रखीं। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण में पर्याप्त सीमेंट का उपयोग नहीं किया जा रहा, कम व्यास की सरिया लगाई जा रही है तथा पुल की नींव (फाउंडेशन) में धंसाव दिखाई दे रहा है। इसके अलावा निर्माणाधीन हिस्से में कुछ स्थानों पर प्लास्टर उखड़ने, सतह खुरदरी होने और दरार जैसी स्थिति भी दिखाई देने की बात ग्रामीणों ने कही।
ग्रामीणों ने विभागीय निगरानी पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि ढलाई जैसे महत्वपूर्ण कार्यों के दौरान विभागीय अभियंता मौके पर उपस्थित नहीं रहते और अधिकांश कार्य मुंशी एवं मजदूरों के भरोसे कराया जाता है।
विवाद डायवर्जन व्यवस्था को लेकर भी है। ग्रामीणों का कहना है कि पुल निर्माण के दौरान नाले के प्राकृतिक बहाव को बाधित कर दिया गया है। उनका आरोप है कि यदि समय रहते समुचित जल निकासी की व्यवस्था नहीं की गई तो बारिश के दौरान आसपास के घरों और गांव में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। साथ ही वैकल्पिक मार्ग प्रभावित होने से लोगों के आवागमन में भी परेशानी हो रही है।
जनसंवाद न्यूज द्वारा संपर्क किए जाने पर निर्माण स्थल पर मौजूद मुंशी ने कार्य की देखरेख कर रहे इंजीनियर का मोबाइल नंबर उपलब्ध कराया। फोन पर बातचीत में संबंधित इंजीनियर ने कहा कि पुल का निर्माण पूरी तरह स्वीकृत एस्टीमेट और विभागीय मानकों के अनुरूप किया जा रहा है। उन्होंने निर्माण गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की अनियमितता से इनकार किया।
फिलहाल ग्रामीणों के आरोप और इंजीनियर के दावे के बीच वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने के लिए ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से स्वतंत्र तकनीकी जांच कराने और जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग की है।
0 टिप्पणियाँ