रांची। आइडियल पत्रकार संगठन (कार्यक्षेत्र : संपूर्ण भारत) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में संगठनात्मक विस्तार के तहत महत्वपूर्ण फेरबदल किया गया है। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय कुमार मिश्रा ने झारखंड के वरिष्ठ पत्रकार संजय कुमार पांडेय को राष्ट्रीय महामंत्री पद पर नियुक्त किया है। इससे पूर्व वे संगठन में प्रमुख राष्ट्रीय सलाहकार के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे।
राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय कुमार मिश्रा ने बताया कि संजय पांडेय लंबे समय से संगठन की गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उनके अनुभव, संगठनात्मक क्षमता और समर्पण को देखते हुए राष्ट्रीय संरक्षकों से विचार-विमर्श एवं परामर्श के बाद उन्हें यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व से संगठन को राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक मजबूती मिलेगी। संगठन परिवार की ओर से उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं भी दी गईं।
नवनियुक्त राष्ट्रीय महामंत्री संजय कुमार पांडेय ने कहा कि आइडियल पत्रकार संगठन वर्तमान में देश के 22 राज्यों में सक्रिय है तथा 12 हजार से अधिक सदस्य संगठन से जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि संगठन निरंतर विस्तार की दिशा में कार्य कर रहा है और देशभर के पत्रकार बड़ी संख्या में इसकी सदस्यता ग्रहण कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि संगठन की गरिमा, निष्पक्षता और अनुशासन बनाए रखने के उद्देश्य से केंद्रीय नेतृत्व द्वारा आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों से अपेक्षा की जाती है कि वे संगठन के संविधान एवं नियमों का पूर्ण पालन करें। नियमों के उल्लंघन की स्थिति में संगठन आवश्यक अनुशासनात्मक कार्रवाई करेगा।
संजय पांडेय ने कहा कि यदि किसी पत्रकार के साथ दुर्व्यवहार या उत्पीड़न की घटना सामने आती है, तो संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करेंगे, ताकि तथ्यों के आधार पर उचित कार्रवाई की जा सके।
राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय कुमार मिश्रा ने कहा कि आइडियल पत्रकार संगठन केवल पत्रकारों के अधिकारों और सम्मान की रक्षा के लिए ही कार्य नहीं करता, बल्कि समाज के शोषित, पीड़ित और जरूरतमंद लोगों को न्याय दिलाने तथा उनकी समस्याओं को शासन-प्रशासन तक प्रभावी ढंग से पहुँचाने के लिए भी प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाना संगठन का प्रमुख उद्देश्य है।
उन्होंने बताया कि संगठन का राष्ट्रीय स्तर पर विस्तार लगातार जारी है। देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में पत्रकार संगठन से जुड़ रहे हैं। साथ ही पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले वरिष्ठ पत्रकारों को संगठन में महत्वपूर्ण दायित्व सौंपकर उनका सम्मान भी किया जा रहा है।
0 टिप्पणियाँ