मेदिनीनगर: पलामू के उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए दुर्घटना संभावित (ब्लैक स्पॉट) स्थलों के लिए अलग कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया गया।
उपायुक्त ने कहा कि सड़क दुर्घटना में किसी व्यक्ति की मृत्यु केवल एक आंकड़ा नहीं, बल्कि पूरे परिवार की अपूरणीय क्षति होती है। उन्होंने सड़क अभियांत्रिकी सुधार, संकेतक, रंबल स्ट्रिप, रिफ्लेक्टर, बेहतर प्रकाश व्यवस्था और सख्त प्रवर्तन अभियान चलाने पर जोर दिया।
बैठक में बताया गया कि जनवरी से जून 2026 के बीच पलामू जिले में 193 सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें 143 लोगों की मौत हुई, जबकि 126 लोग गंभीर रूप से घायल हुए। डीसी ने हेलमेट, सीट बेल्ट, ओवरस्पीडिंग और ड्रंक एंड ड्राइव के खिलाफ नियमित अभियान चलाने तथा लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान यह भी बताया गया कि जून 2026 में यातायात नियमों के उल्लंघन पर 1,214 चालान किए गए, जिससे ₹24.75 लाख का जुर्माना वसूला गया।
बैठक के अंत में गुड सेमेरिटन योजना के तहत सड़क दुर्घटना पीड़ितों की मदद करने वाले सूर्य देव चौधरी और मयंक कुमार को चेक प्रदान कर सम्मानित किया गया।
बैठक में पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी, जिला परिवहन पदाधिकारी, डीआईओ रणवीर कुमार सहित सड़क सुरक्षा समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ