ad

ad

हर घर तिरंगा अभियान को लेकर ग्रामीणों को किया जागरूक

पांकी, पलामू। मजदूर किसान महाविद्यालय, डंडारकला, पांकी के एनसीसी एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को “हर घर तिरंगा” जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान महाविद्यालय द्वारा गोद लिए गए डंडाकिला पंचायत के सेहरा टोला, कुम्हार टोला, अंसारी टोला सहित विभिन्न टोलों में पहुंचकर ग्रामीणों को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया गया।

अभियान की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य ने की। नेतृत्व एनसीसी के एनओ डॉ. आलोक कुमार पाठक एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. वंशीधर सिंह ने किया। इस दौरान एनसीसी कैडेट्स एवं एनएसएस स्वयंसेवकों ने ग्रामीणों के बीच “हर घर तिरंगा—हर दिल तिरंगा” और “तिरंगा हमारी शान है, भारत की पहचान है” जैसे राष्ट्रभक्ति से जुड़े नारों के माध्यम से जागरूकता का संदेश दिया।

अभियान में महाविद्यालय के शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मचारी, एनसीसी कैडेट्स, एनएसएस स्वयंसेवक तथा सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। छात्र-छात्राओं ने ग्रामीणों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रत्येक घर में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर देश की स्वतंत्रता, एकता और अखंडता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करने की अपील की।

महाविद्यालय के प्राचार्य ने कहा कि “हर घर तिरंगा अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति सम्मान, स्वाभिमान और एकता की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का राष्ट्रीय अभियान है।” उन्होंने कहा कि तिरंगा देश के गौरव, त्याग और बलिदान का प्रतीक है तथा प्रत्येक नागरिक को इसकी गरिमा और सम्मान की रक्षा का संकल्प लेना चाहिए।

अभियान के माध्यम से ग्रामीणों और युवाओं में देशभक्ति की भावना को मजबूत करते हुए स्वतंत्रता दिवस को जनभागीदारी एवं राष्ट्रीय गौरव के पर्व के रूप में मनाने का संदेश दिया गया।

जनसंवाद न्यूज संवाददाता

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Featured News

आलोक चौरसिया मोदी सरकार के विकास विरोधी निर्णय के खिलाफ कब बोलेंगे? : बिट्टू पाठक