मेदिनीनगर के जिला हाई स्कूल परिसर में 22 से 25 मई तक भव्य पुस्तक मेले का आयोजन किया जाएगा। यह चार दिवसीय आयोजन समय इंडिया ट्रस्ट, नई दिल्ली, पुस्तक मेला समिति (रजि.), प्रज्ञा रिसर्च एसोसिएशन (प्राण), रांची तथा जिला प्रशासन पलामू के संयुक्त सहयोग से आयोजित होगा। मेले का उद्घाटन 22 मई को सुबह 11 बजे किया जाएगा। इसके बाद प्रतिदिन सुबह 11 बजे से रात 9 बजे तक आम लोगों के लिए मेला खुला रहेगा।
आयोजकों ने बताया कि पूरे मेला परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया जाएगा, जहां रंग-बिरंगे पुस्तक स्टॉल, साहित्यिक माहौल और सांस्कृतिक कार्यक्रम लोगों को आकर्षित करेंगे। इस आयोजन का उद्देश्य समाज में पढ़ने की आदत को बढ़ावा देना और युवाओं को पुस्तकों से जोड़ना है।
मेले में देश के कई नामी प्रकाशनों की हजारों पुस्तकें उपलब्ध रहेंगी। साहित्य, समसामयिक विषय, प्रतियोगी परीक्षाएं, धार्मिक ग्रंथ, बच्चों की किताबें, विज्ञान, इतिहास, संस्कृति और प्रेरणादायक साहित्य से जुड़ी पुस्तकों की विस्तृत श्रृंखला पाठकों को देखने को मिलेगी। हिंदी साहित्य, उर्दू शायरी, ग़ज़ल और कविता संग्रह को लेकर युवाओं और साहित्य प्रेमियों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
समय प्रकाशन समूह के स्टॉल पर झारखंड के स्वतंत्रता सेनानियों, जनजातीय संस्कृति, जिलों, पर्यटन स्थलों, मंदिरों, इतिहास, लोक परंपराओं और प्रमुख नदियों से संबंधित विशेष पुस्तकों का संग्रह आकर्षण का केंद्र रहेगा।
पुस्तक मेले के दौरान बच्चों और युवाओं के लिए चित्रकला, कविता पाठ, कहानी सुनाओ, भाषण, नृत्य सहित कई रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। सभी प्रतियोगिताओं में भाग लेना निःशुल्क होगा और विजेताओं को प्रमाण पत्र, पुस्तकें व आकर्षक पुरस्कार दिए जाएंगे।
समय इंडिया के प्रबंध न्यासी चंद भूषण ने कहा कि पुस्तकें समाज को शिक्षित और जागरूक बनाने का सबसे प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों और पुस्तक प्रेमियों से परिवार सहित मेले में शामिल होकर ज्ञान और साहित्य के इस उत्सव का हिस्सा बनने की अपील की।
वहीं स्थानीय संयोजक एवं सामाजिक कार्यकर्ता संजय वर्मन ने कहा कि यह आयोजन केवल पुस्तक मेला नहीं, बल्कि ज्ञान, संस्कृति और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने का अभियान है।
0 टिप्पणियाँ