पलामू जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र के डाली गांव में घरेलू विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि पति ने अपनी पत्नी पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। गंभीर रूप से झुलसी महिला को इलाज के लिए एमएमसीएच में भर्ती कराया गया है। घटना बुधवार सुबह लगभग 9 बजे की बताई जा रही है।
घायल महिला की पहचान 25 वर्षीय ऊषा देवी के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, घटना के समय वह घर में मौजूद थी। इसी दौरान पति गुरुदेव सिंह के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर पति ने महिला पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी और मौके से फरार हो गया।
महिला की चीख सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और कंबल की मदद से किसी तरह आग बुझाई। इसके बाद परिजन उसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले गए।
पीड़िता की बड़ी गोतनी ममता देवी ने बताया कि मायके जाने को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी हुई थी। इसी दौरान गुस्से में आकर पति ने वारदात को अंजाम दे दिया। बताया जा रहा है कि दोनों की शादी करीब पांच वर्ष पूर्व हुई थी।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। फरार आरोपी पति की तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है।
0 टिप्पणियाँ