पांकी (पलामू):- पांकी प्रखंड के रतनपुर पंचायत में लगभग 24 लाख रुपये की लागत से बने पुल की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। JLKM नेता ओंकार नाथ जयसवाल ने मौके पर पहुंचकर पुल का निरीक्षण किया और निर्माण कार्य में भारी अनियमितता एवं भ्रष्टाचार का आरोप लगाया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुल की जर्जर स्थिति दिखाते हुए कहा कि “24 लाख रुपये की योजना में 24 हजार रुपये का भी काम नहीं दिख रहा है।” उन्होंने आरोप लगाया कि पुल में दरारें पड़ चुकी हैं, किनारे धंस रहे हैं और निर्माण की गुणवत्ता बेहद खराब है। स्थानीय ग्रामीणों ने भी पुल की स्थिति को लेकर नाराजगी जताई और भविष्य में किसी बड़े हादसे की आशंका व्यक्त की।
ओंकार नाथ जयसवाल ने कहा कि पुल का एप्रोच एवं कलवर्ट भी सही तरीके से नहीं बनाया गया है। उन्होंने मौके पर मौजूद लोगों को पुल की दरारें, धंसती संरचना और खराब बैकेटिंग दिखाते हुए कहा कि यह “पांकी विधानसभा के विकास की असल तस्वीर” है।
उन्होंने कहा कि मामले की शिकायत संबंधित जेई, प्रशासन एवं सरकार से की जाएगी। साथ ही सूचना का अधिकार (RTI) के तहत योजना की पूरी जानकारी निकालकर विधानसभा में भी मुद्दा उठाया जाएगा।
ग्रामीणों ने भी आरोप लगाया कि निर्माण कार्य में मानकों का पालन नहीं किया गया, जिससे पुल जल्द ही पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो सकता है। इलाके के लोगों ने उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
0 टिप्पणियाँ