पलामू जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को लेकर प्रशासन ने चिंता जताई है। सोमवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत की अध्यक्षता में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले की यातायात व्यवस्था, सड़क सुरक्षा उपायों और दुर्घटनाओं की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान अधिकारियों ने जानकारी दी कि अप्रैल माह में जिलेभर में कुल 44 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गईं। इन हादसों में 34 लोगों की मौत हो गई, जबकि 36 लोग गंभीर रूप से घायल हुए। लगातार बढ़ रही दुर्घटनाओं पर उपायुक्त ने नाराजगी जताते हुए संबंधित विभागों को प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने बिना हेलमेट वाहन चलाने, गलत दिशा में ड्राइविंग करने, सीट बेल्ट का उपयोग नहीं करने, तेज रफ्तार एवं मॉडिफाइड साइलेंसर लगाने वालों के खिलाफ नियमित जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया। साथ ही शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई के लिए पर्याप्त संख्या में ब्रेथ एनलाइजर उपलब्ध कराने को कहा।
बैठक में बताया गया कि अप्रैल महीने में 629 वाहनों की जांच की गई। इस दौरान 566 वाहनों से करीब 18 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला गया। बिना हेलमेट वाहन चलाने के मामले में 369 लोगों पर कार्रवाई की गई, जबकि 267 ड्राइविंग लाइसेंस रद्द किए गए।
उपायुक्त ने दुर्घटना संभावित इलाकों और प्रमुख चौक-चौराहों पर लगातार चेकिंग अभियान चलाने का निर्देश दिया। वहीं सिविल सर्जन को गुड सेमेरिटन योजना से जुड़े लंबित मामलों के जल्द निष्पादन के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।
इस दौरान कपिल चौधरी समेत सड़क सुरक्षा समिति के कई सदस्य मौजूद रहे।
0 टिप्पणियाँ