ad

ad

बीएड-एमएड प्रवेश परीक्षा आज, पलामू के 7 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच होगी परीक्षा

मेदिनीनगर, 31 मई 2026: झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद (JCECEB) द्वारा आयोजित बीएड/एमएड/बीपीएड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा-2026 का आयोजन रविवार, 31 मई को पलामू जिले के सात परीक्षा केंद्रों पर किया जाएगा। परीक्षा पूर्वाह्न 10:30 बजे से अपराह्न 12:30 बजे तक संचालित होगी। परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।

परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा को लेकर उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में अधिकारियों एवं केंद्राधीक्षकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक भी उपस्थित रहे। उपायुक्त ने सभी परीक्षा केंद्रों पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने तथा पारदर्शी परीक्षा संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने बताया कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर स्टैटिक दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है, जबकि जोनवार उड़नदस्ता-सह-गश्ती दंडाधिकारी भी तैनात रहेंगे। सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों और कर्मियों को पूरी जिम्मेदारी एवं सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया गया है।

प्रशासन ने परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन, कैलकुलेटर, स्मार्ट वॉच, डिजिटल डायरी, पेजर, लॉग टेबल सहित सभी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया है। उपायुक्त ने कहा कि परीक्षा को पूरी तरह कदाचारमुक्त बनाने के लिए आवश्यक सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली गई हैं।

उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने परीक्षार्थियों से निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने की अपील की है। साथ ही प्रवेश पत्र एवं वैध फोटो पहचान पत्र साथ लाने तथा जांच प्रक्रिया में सहयोग करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र पर अनुशासन बनाए रखते हुए सभी दिशा-निर्देशों का पालन करना होगा।

परीक्षा के सफल संचालन के लिए जिला प्रशासन द्वारा नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किया गया है। किसी भी प्रकार की समस्या अथवा जानकारी के लिए परीक्षार्थी एवं अभिभावक नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 06562-224027 पर संपर्क कर सकते हैं।

जिले में परीक्षा का आयोजन सात केंद्रों पर किया जाएगा। इनमें एम.के. डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल चियांकी, मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय (जिला स्कूल), विमला पांडेय मेमोरियल ज्ञान निकेतन बैरिया, ब्राइटलैंड स्कूल बाईपास रोड, राजकीयकृत गिरीवर प्लस टू उच्च विद्यालय, मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय गर्ल्स (केजी स्कूल) तथा योध सिंह नामधारी महिला कॉलेज शामिल हैं।

बैठक में सदर अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक सहित सभी केंद्राधीक्षक उपस्थित थे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Featured News

बीएड-एमएड प्रवेश परीक्षा आज, पलामू के 7 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच होगी परीक्षा