ad

ad

प्रेम संबंध के शक में पिता ने बेटी की टांगी से काटकर की हत्या

लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के लोहरा गांव की घटना, आरोपी फरार, पुलिस जांच में जुटी

**लेस्लीगंज (पलामू):**
पलामू जिले के लेस्लीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत लोहरा गांव में ऑनर किलिंग की एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पिता ने अपनी ही बेटी की टांगी से काटकर निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी पिता फरार हो गया है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

मृतका की पहचान करीब 20 वर्षीय अंजली उर्फ अंजनी कुमारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आरोपी पिता अगस्त कुमार महतो अपनी बेटी के कथित प्रेम संबंध को लेकर काफी समय से नाराज था। रविवार रात उसने बेटी को मोबाइल पर किसी से बातचीत करते और तस्वीरें देखते हुए देख लिया, जिसके बाद वह गुस्से में आ गया।

जानकारी के अनुसार रविवार रात करीब 8:30 बजे अंजली अपने कमरे में सो रही थी। इसी दौरान आरोपी पिता हाथ में टांगी लेकर कमरे में पहुंचा और सोती हुई बेटी पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गर्दन, हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर वार किए गए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि घटना के समय मृतका की मां घर के आंगन में मौजूद थी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पिता मौके से फरार हो गया। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई और ग्रामीणों की भारी भीड़ घटनास्थल पर जुट गई।

सूचना मिलने के बाद लेस्लीगंज थाना प्रभारी उत्तम कुमार राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त टांगी बरामद कर ली है। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीनगर मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला ऑनर किलिंग का प्रतीत हो रहा है। हालांकि हत्या के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि इज्जत और सामाजिक भय के नाम पर बेटी की हत्या किसी भी हालत में उचित नहीं ठहराई जा सकती। लोगों का कहना है कि अगर बेटियां अपने ही घर में सुरक्षित नहीं हैं, तो यह समाज के लिए बेहद चिंताजनक स्थिति है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Featured News

पलामू में शिक्षा व्यवस्था पर डीसी सख्त, कम उपस्थिति और ड्रॉपआउट बच्चों पर जतायी चिंता