पलामू : झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी शिक्षा विभाग ने संगठन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए जिले के वरिष्ठ शिक्षाविद् एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े सक्रिय शिक्षाकर्मी सुरेंद्र पाण्डेय को पलामू जिला कांग्रेस शिक्षा विभाग का चेयरमैन मनोनीत किया है। यह मनोनयन प्रदेश शिक्षा विभाग के चेयरमैन श्याम नारायण सिंह द्वारा किया गया। नियुक्ति की सूचना मिलते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं, शिक्षा जगत से जुड़े लोगों तथा शुभचिंतकों में उत्साह का माहौल देखा गया।
सुरेंद्र पाण्डेय लंबे समय से शिक्षा एवं शिक्षकों के अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। शिक्षक संगठनों में उनकी मजबूत भागीदारी, शिक्षा व्यवस्था में सुधार को लेकर संघर्षशील कार्यशैली तथा सामाजिक दायित्वों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने उन्हें यह अहम जिम्मेदारी सौंपी है। कांग्रेस नेताओं ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में पलामू जिला कांग्रेस शिक्षा विभाग नई ऊर्जा के साथ कार्य करेगा तथा शिक्षा से जुड़े जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा।
मनोनयन के बाद सुरेंद्र पाण्डेय ने प्रदेश नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी ने जिस विश्वास के साथ उन्हें यह दायित्व सौंपा है, उस पर वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण भाव के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में व्याप्त समस्याओं, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दों को संगठनात्मक स्तर पर गंभीरता से उठाया जाएगा। साथ ही कांग्रेस की विचारधारा को शिक्षा जगत से जुड़े लोगों तक पहुंचाने के लिए भी व्यापक स्तर पर कार्य किया जाएगा।
इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने सुरेंद्र पाण्डेय को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। मौके पर हृदयानंद मिश्र, रामदेव यादव, बिट्टू पाठक, शमीम अहमद राईन, गिरजा राम, गोपाल सिंह, अनिल सिंह, ईश्वरी सिंह, बिमला कुमारी एवं सिट्टू पाठक सहित कई कांग्रेसजन उपस्थित रहे। उपस्थित लोगों ने उम्मीद जताई कि सुरेंद्र पाण्डेय के अनुभव एवं नेतृत्व क्षमता से संगठन को मजबूती मिलेगी और पलामू में शिक्षा विभाग की गतिविधियों को नई दिशा प्राप्त होगी।
0 टिप्पणियाँ