मेदिनीनगर (पलामू)।
झारखंड सरकार द्वारा लागू किए जा रहे कलस्टर सिस्टम तथा देशभर में प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार हो रहे पेपर लीक के विरोध में शुक्रवार को ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) और इंकलाबी नौजवान सभा (आरवाईए) के संयुक्त बैनर तले छात्रों और युवाओं ने मेदिनीनगर के रेड़मा चौक पर जोरदार प्रदर्शन किया। राज्यव्यापी चक्का जाम कार्यक्रम के तहत प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और अपनी मांगों को लेकर विरोध दर्ज कराया।
आंदोलन का नेतृत्व कर रहे छात्र नेताओं ने कहा कि झारखंड सरकार के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग द्वारा जारी कलस्टर सिस्टम के तहत दूरस्थ क्षेत्रों के महाविद्यालयों का विलय किया जा रहा है। इससे ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के विद्यार्थियों, विशेषकर छात्राओं, को उच्च शिक्षा प्राप्त करने में गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि कॉलेजों की दूरी बढ़ने से सुरक्षा संबंधी समस्याएं उत्पन्न होंगी और कई छात्राएं पढ़ाई छोड़ने को मजबूर हो सकती हैं।
नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि महाविद्यालयों के विलय से शिक्षकों एवं अन्य कर्मचारियों के सृजित पद समाप्त होने का खतरा है, जिससे रोजगार के अवसर प्रभावित होंगे। उन्होंने कहा कि नेट, जेआरएफ, सेट और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए यह नीति भविष्य में गंभीर संकट पैदा कर सकती है।
प्रदर्शनकारियों ने देशभर में प्रतियोगी परीक्षाओं में हो रहे पेपर लीक के मामलों को लेकर केंद्र सरकार पर भी निशाना साधा। वक्ताओं ने कहा कि नीट परीक्षा पेपर लीक प्रकरण ने लाखों छात्रों के भविष्य को प्रभावित किया है। इसके अलावा सीबीएसई, एसएससी जीडी समेत विभिन्न परीक्षाओं में सामने आए पेपर लीक के मामलों ने परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की।
आइसा और आरवाईए नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि झारखंड सरकार कलस्टर सिस्टम को वापस नहीं लेती तथा पेपर लीक मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं करती है, तो राज्यव्यापी आंदोलन को और व्यापक एवं उग्र रूप दिया जाएगा।
कार्यक्रम का नेतृत्व आइसा पलामू के जिला सचिव गौतम दांगी एवं राज्य उपाध्यक्ष रंजीत कुमार सिंह ने किया। प्रदर्शन में आइसा पलामू जिलाध्यक्ष गुड्डू भुइयां, खुशबू कुमारी, कंचन राज भारती, आरवाईए के जिला सचिव पवन विश्वकर्मा, अंशु प्रसाद, ऋषि रौशन, चंदन कुमार, उमेश रवि, अनुलाल बाबू, अभय सिंह, एडवोकेट श्रवण देव, आनंद कुमार, आशुतोष पासवान, शाहजहां अंसारी, राकेश सिंह, शमशाद अंसारी, दिनेश मेहता, विवेक कुमार समेत बड़ी संख्या में छात्र-युवा शामिल हुए।
0 टिप्पणियाँ