मेदिनीनगर (पलामू) : झारखंड सरकार की ई-कल्याण पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना का लाभ अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं तक पहुंचाने के उद्देश्य से शुक्रवार को समाहरणालय परिसर से जागरूकता रथ को रवाना किया गया। जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने हरी झंडी दिखाकर रथ को रवाना किया।
उपायुक्त ने कहा कि अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग के छात्र-छात्राओं के लिए संचालित यह योजना उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों के लिए काफी लाभकारी है। उन्होंने सभी पात्र छात्र-छात्राओं से निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की। साथ ही संबंधित शिक्षण संस्थानों एवं अधिकारियों को योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जागरूकता रथ जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं शैक्षणिक संस्थानों में जाकर छात्र-छात्राओं को आवेदन प्रक्रिया, पात्रता एवं आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी देगा।
ई-कल्याण पोर्टल पर शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। आवेदन से संबंधित प्रमुख तिथियां इस प्रकार हैं —
• शिक्षण संस्थानों के पंजीकरण की अंतिम तिथि – 30 जून 2026
• छात्र-छात्राओं के ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि – 31 जुलाई 2026
• इंस्टिट्यूट नोडल ऑफिसर द्वारा सत्यापन की अंतिम तिथि – 31 अगस्त 2026
• जिला नोडल ऑफिसर द्वारा सत्यापन की अंतिम तिथि – 30 सितंबर 2026
छात्र-छात्राओं को आवेदन से पूर्व आधार आधारित बैंक खाता KYC सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही गलत अथवा त्रुटिपूर्ण जानकारी देने पर आवेदन रद्द किए जाने की चेतावनी भी दी गई है। योजना से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश विभागीय वेबसाइट एवं ई-कल्याण पोर्टल पर उपलब्ध हैं।
0 टिप्पणियाँ