NSS एवं NCC के संयुक्त तत्वावधान में दाना-पानी की व्यवस्था, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
पांकी प्रखंड स्थित मजदूर किसान महाविद्यालय, डंडारकला में भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए पक्षियों एवं जीव-जंतुओं की सुरक्षा के लिए विशेष अभियान चलाया गया। महाविद्यालय में संचालित राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) एवं राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC) के संयुक्त तत्वावधान में विभिन्न स्थानों पर मिट्टी के बर्तनों में पक्षियों के लिए भोजन एवं स्वच्छ पानी की व्यवस्था की गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. दिलीप कुमार राम ने की, जबकि इसका नेतृत्व कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. बंशी धर सिंह द्वारा किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय परिवार ने समाज से अपील करते हुए कहा कि गर्मी के इस कठिन समय में पक्षियों एवं अन्य जीव-जंतुओं के प्रति संवेदनशील बनना अत्यंत आवश्यक है। लोगों को अपने घरों, आंगनों एवं सार्वजनिक स्थलों पर दाना और पानी रखने की व्यवस्था करनी चाहिए ताकि बेजुबान जीवों को राहत मिल सके।
कार्यक्रम के दौरान NSS स्वयंसेवकों एवं NCC कैडेटों ने महाविद्यालय परिसर सहित आसपास के क्षेत्रों में मिट्टी के पात्रों में पानी भरकर रखा तथा पक्षियों के लिए दाना डाला। विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण और जीवों के प्रति दया एवं संवेदनशीलता का संदेश देते हुए कहा कि मानवता केवल मनुष्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रकृति और जीव-जंतुओं के संरक्षण में भी हमारी महत्वपूर्ण भूमिका है।
प्राचार्य डॉ. दिलीप कुमार राम ने कहा कि महाविद्यालय हमेशा सामाजिक एवं पर्यावरणीय सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों को प्राथमिकता देता रहा है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे ताकि समाज में पर्यावरण संरक्षण और जीव-जंतुओं के प्रति सकारात्मक सोच विकसित हो सके।
इस कार्यक्रम में डॉ. आलोक कुमार पाठक, डॉ. राजेश्वर चौधरी, सर्वेश्वर प्रसाद, पुरुषोत्तम सिंह, दिलीप सिंह, डॉ. पंकज कुमार, डॉ. पंकज सिंह, नागेंद्र साहू, ललन कुमार, राजेंद्र सिंह, डॉ. पूनम कुमारी, डॉ. स्वीटी कुमारी, अनुपम कुमारी सहित महाविद्यालय के सभी कर्मचारीगण उपस्थित रहे। इसके अलावा NSS, NCC एवं अन्य छात्र-छात्राओं सहित सैकड़ों विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में भाग लेकर इसे सफल बनाया।
0 टिप्पणियाँ