ad

ad

पलामू प्रमंडल में कृषि योजनाओं की समीक्षा, किसानों की आय बढ़ाने पर जोर

मेदिनीनगर : पलामू प्रमंडलीय आयुक्त श्रीमती कुमुद सहाय की अध्यक्षता में रविवार को कृषि विभाग से संबंधित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कृषि उत्पादन बढ़ाने, किसानों को सरकारी योजनाओं का समय पर लाभ उपलब्ध कराने तथा आधुनिक खेती को बढ़ावा देने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक के दौरान किसान पाठशाला, बीज वितरण, सिंचाई व्यवस्था, उर्वरक उपलब्धता, फसल बीमा योजना एवं कृषि यंत्रीकरण से जुड़े कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसानों तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचाया जाए।

राष्ट्रीय बागवानी मिशन पर विशेष जोर देते हुए आयुक्त ने कहा कि प्रमंडल में स्ट्रॉबेरी, ड्रैगन फ्रूट, आम सहित अन्य बागवानी फसलों की खेती को बढ़ावा दिया जाए। उन्होंने कहा कि पारंपरिक खेती के साथ-साथ किसानों को आधुनिक एवं बागवानी आधारित खेती के लिए प्रोत्साहित करना जरूरी है, ताकि उनकी आय में वृद्धि हो सके।

आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसानों को उन्नत तकनीक, गुणवत्तापूर्ण पौधे एवं आवश्यक प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने जलवायु एवं भूमि की उपयुक्तता को ध्यान में रखते हुए क्षेत्र में ऑर्गेनिक फार्मिंग के विस्तार के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार करने का भी निर्देश दिया।

इसके अलावा कृषि विज्ञान केंद्र के माध्यम से अधिक से अधिक किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों का प्रशिक्षण देने पर बल दिया गया। आयुक्त ने किसानों को आसान ऋण सुविधा उपलब्ध कराने एवं आधुनिक कृषि गतिविधियों से जोड़ने के लिए भी विशेष पहल करने को कहा।

बैठक में पलामू, गढ़वा एवं लातेहार के जिला कृषि पदाधिकारी तथा जिला उद्यान पदाधिकारी उपस्थित थे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Featured News

पलामू प्रमंडल में कृषि योजनाओं की समीक्षा, किसानों की आय बढ़ाने पर जोर