ad

ad

चैनपुर के रामपुर घटना की निष्पक्ष जांच की मांग, सौहार्द बनाए रखने की अपील

चैनपुर प्रखंड के रामपुर गांव में हुई घटना को लेकर अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा ट्रस्ट ने गहरा दुःख और चिंता व्यक्त की है। महासभा के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष संजय सिंह ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर प्रशासन से मामले की निष्पक्ष एवं स्वतंत्र जांच कराने की मांग की है।

उन्होंने कहा कि घटना में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाए, उसके विरुद्ध कानून के तहत कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए, वहीं निर्दोष लोगों को परेशान नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि क्षत्रिय समाज हमेशा सभी जाति और धर्मों के साथ प्रेम, भाईचारा और सौहार्द के साथ रहने में विश्वास रखता है।

संजय सिंह ने कहा कि रामपुर गांव में राजपूत और चौधरी समुदाय वर्षों से आपसी सद्भाव के साथ रहते आए हैं, लेकिन हाल की घटना से दोनों समुदायों के बीच तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने दोनों पक्षों से शांति बनाए रखने और मामले को अधिक तूल नहीं देने की अपील की।

उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग राजनीतिक स्वार्थ के लिए समाज को भड़काने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने चौधरी समाज से भी अपील की कि न्याय की मांग लोकतांत्रिक तरीके से करें, लेकिन ऐसे लोगों से सावधान रहें जो आंदोलन के नाम पर माहौल खराब करना चाहते हैं।

महासभा ने प्रशासन से मांग की है कि घटना से जुड़े भूमि विवाद, आगजनी, बंधक बनाने, अपहरण और गोलीबारी सहित सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए। साथ ही भड़काऊ बयान देने वाले लोगों पर भी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई है।

संजय सिंह ने कहा कि समाज को हिंसा और उन्माद की ओर ले जाने के बजाय शांति, कानून और संविधान के रास्ते पर चलना चाहिए।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Featured News

पीएलएफआई सुप्रीमो अमृत होरो गिरफ्तार, 10 लाख का था इनामी