ad

ad

लामी घुटरा जंगल में नर कंकाल मिलने से सनसनी, युवक की हत्या की आशंका

गढ़वा जिले के चिनिया थाना क्षेत्र अंतर्गत लामी घुटरा जंगल में गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब केंदू पत्ता तोड़ने गए ग्रामीणों ने जंगल में क्षत-विक्षत अवस्था में एक नर कंकाल देखा। कंकाल के आसपास कपड़े, बेल्ट और टूटे हुए मोबाइल के टुकड़े मिलने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। बाद में मृतक की पहचान मसरा गांव निवासी जय मंगल सिंह के रूप में की गई।

जानकारी के अनुसार, जय मंगल सिंह बीते 13 मई से लापता था। बताया जा रहा है कि गांव में आई एक बारात के दौरान उसका गांव के ही सुदामा सिंह के साथ विवाद हुआ था। विवाद के बाद से ही वह अचानक गायब हो गया था। हालांकि परिजनों ने यह सोचकर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई कि वह किसी काम से बाहर चला गया होगा।

घटना की सूचना मिलते ही चिनिया थाना प्रभारी बीकू कुमार रजक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से अलग-अलग जगहों पर बिखरे कंकाल के अवशेष, कपड़े, बेल्ट और क्षतिग्रस्त मोबाइल बरामद किए हैं। सभी सामानों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है।

थाना प्रभारी बीकू कुमार रजक ने बताया कि ग्रामीणों से सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया यह मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है तथा हर पहलू से जांच की जा रही है। पुलिस हत्या और अपहरण की आशंका को ध्यान में रखकर आगे की कार्रवाई कर रही है।

पुलिस ने पूछताछ के लिए सुदामा सिंह को हिरासत में लिया है। उससे घटना के संबंध में पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

मृतक के पिता सुकन सिंह ने बताया कि उनका बेटा 13 मई की रात बारात से लौटने के बाद से लापता था। उन्होंने कहा कि गांव के ही सुदामा सिंह के साथ उसका विवाद हुआ था और उसी पर उन्हें शक है। उन्होंने बताया कि परिवार को उम्मीद थी कि जय मंगल कहीं काम के सिलसिले में चला गया होगा, इसलिए तत्काल पुलिस को सूचना नहीं दी गई।

घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और चर्चाओं का माहौल है। जंगल में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट रही है। पुलिस ने कहा है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर दोषियों की गिरफ्तारी की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Featured News

पीएलएफआई सुप्रीमो अमृत होरो गिरफ्तार, 10 लाख का था इनामी