डालटनगंज : प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डीएलएसए) के अध्यक्ष श्रीराम शर्मा की अध्यक्षता में बुधवार को लीगल एड डिफेंस काउंसिल (एलएडीसी) योजना को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजना के प्रभावी संचालन, लंबित मामलों के निष्पादन और जरूरतमंद लोगों तक निःशुल्क कानूनी सहायता पहुंचाने पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक के दौरान पीडीजे श्री शर्मा ने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर, असहाय एवं जरूरतमंद लोगों को न्याय दिलाने में एलएडीसी योजना की अहम भूमिका है। उन्होंने निर्देश दिया कि कोई भी पात्र व्यक्ति विधिक सहायता से वंचित नहीं रहना चाहिए। साथ ही सभी अधिवक्ताओं एवं संबंधित पदाधिकारियों को पूरी जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ कार्य करने को कहा।
उन्होंने लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए कहा कि लाभार्थियों को गुणवत्तापूर्ण कानूनी सहायता समय पर उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। विशेष रूप से जेल में बंद बंदियों के मामलों को गंभीरता से लेने का निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि किसी भी बंदी को अधिवक्ता की सुविधा से वंचित न रखा जाए। बंदियों के जमानत आवेदन, अपील एवं अन्य कानूनी प्रक्रियाओं की जानकारी लेकर समय पर कार्रवाई करने पर जोर दिया गया।
पीडीजे ने जेल भ्रमण कर बंदियों की समस्याओं को जानने तथा उनके लंबित मामलों के त्वरित समाधान की दिशा में कार्य करने की बात कही। उन्होंने कहा कि न्याय तक सभी की समान पहुंच सुनिश्चित करना न्याय व्यवस्था की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
बैठक में डीएलएसए सचिव राकेश रंजन, एलएडीसी चीफ अमिताभ चंद सिंह, डिप्टी चीफ संतोप कुमार पांडेय, असिस्टेंट वीर विक्रम वकस राय, उत्तम कुमार, पुष्कर राज, कुमारी नीतू सिंह, कार्यालय सहायक अमित कुमार विश्वकर्मा समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
0 टिप्पणियाँ