ad

ad

बिजली कटौती में सुधार करे बिजली विभाग : सन्नी शुक्ला

मेदिनीनगर में बिजली संकट को लेकर झामुमो नेताओं ने उठाई आवाज, शीघ्र सुधार की मांग

मेदिनीनगर : भीषण गर्मी के बीच मेदिनीनगर शहर में लगातार हो रही बिजली कटौती को लेकर झामुमो नेता सन्नी शुक्ला के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने बिजली विभाग के महाप्रबंधक श्रवण कुमार से मुलाकात कर जल्द सुधार की मांग की। प्रतिनिधिमंडल में झामुमो नेता आशुतोष विनायक, वार्ड पार्षद रौशन कुमार नाग, झामुमो किसान मोर्चा के अध्यक्ष वशिष्ठ सिंह एवं युवा नेता मुकेश चौधरी भी शामिल थे।

इस दौरान सन्नी शुक्ला ने कहा कि भीषण गर्मी में लगातार हो रही बिजली कटौती ने आम लोगों का जीवन काफी कठिन बना दिया है। उन्होंने कहा कि मेदिनीनगर शहर में पिछले कई दिनों से बिजली आपूर्ति की स्थिति अत्यंत खराब बनी हुई है। बिना किसी पूर्व सूचना के बार-बार बिजली काटे जाने से आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में तापमान लगभग 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। ऐसे में लगातार बिजली कटौती लोगों के लिए गंभीर समस्या बन गई है। इसका सबसे अधिक असर बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों पर पड़ रहा है। रात में बिजली नहीं रहने से लोगों की नींद पूरी नहीं हो पा रही है, वहीं दिन के समय गर्मी के कारण घरों में रहना मुश्किल हो गया है। छोटे बच्चों और बुजुर्गों में गर्मी से स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का खतरा भी बढ़ गया है। अस्पतालों एवं मरीजों को भी बिजली संकट के कारण कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

झामुमो नेता आशुतोष विनायक ने कहा कि बिजली कटौती का असर केवल घरेलू जीवन तक सीमित नहीं है, बल्कि पेयजल आपूर्ति, छोटे व्यवसाय, दुकानदारों एवं व्यापारिक गतिविधियों पर भी इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। बिजली बाधित होने से जलापूर्ति प्रभावित हो रही है, जिससे लोगों को दोहरी परेशानी झेलनी पड़ रही है। वहीं छोटे व्यापारियों और दुकानदारों का कामकाज भी प्रभावित हो रहा है।

उन्होंने कहा कि इस भीषण गर्मी में लंबे समय तक बिजली बाधित रहने से मेदिनीनगर की जनता का जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। आम लोग परेशान हैं और बिजली विभाग को इस गंभीर समस्या पर तत्काल ध्यान देने की आवश्यकता है।

प्रतिनिधिमंडल ने बिजली विभाग से मांग की कि मेदिनीनगर शहर में बिजली आपूर्ति को नियमित, सुचारू एवं निर्बाध बनाया जाए। साथ ही बिजली कटौती की समस्या के स्थायी समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि इस भीषण गर्मी में आम जनता को राहत मिल सके।

नेताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो जनता के साथ मिलकर आंदोलन करने पर भी विचार किया जाएगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Featured News

रांची के प्रसिद्ध व्यवसायी लव भाटिया का संदिग्ध मौत, उद्योग जगत में शोक