ad

ad

आधुनिक भारत के निर्माता थे राजीव गांधी : हृदयानंद मिश्र

मेदिनीनगर: पूर्व प्रधानमंत्री Rajiv Gandhi के बलिदान दिवस के अवसर पर पलामू जिला राजीव गांधी विचार समिति के तत्वावधान में मेदिनीनगर स्थित पलामू क्लब में एक दिवसीय विचार गोष्ठी एवं श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, बुद्धिजीवियों एवं विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान राजीव गांधी के व्यक्तित्व, कृतित्व एवं आधुनिक भारत के निर्माण में उनके योगदान पर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम की शुरुआत राजीव गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। श्रद्धांजलि सभा की अध्यक्षता झारखंड प्रदेश कांग्रेस शिक्षा विभाग के चेयरमैन श्याम नारायण सिंह ने की। वहीं मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड प्रदेश राजीव गांधी विचार समिति के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता हृदयानंद मिश्र उपस्थित रहे। उनका स्वागत पलामू जिला राजीव गांधी विचार समिति के संयोजक गोपाल सिंह एवं श्याम नारायण सिंह ने बुके एवं माल्यार्पण कर किया।

अपने संबोधन में हृदयानंद मिश्र ने कहा कि राजीव गांधी दूरदर्शी एवं आधुनिक सोच वाले नेता थे। उन्होंने सूचना प्रौद्योगिकी, दूरसंचार, कंप्यूटर क्रांति एवं पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत कर भारत को नई दिशा दी। उन्होंने कहा कि आज देश जिस डिजिटल युग में आगे बढ़ रहा है, उसकी मजबूत नींव राजीव गांधी ने रखी थी।

अध्यक्षीय संबोधन में श्याम नारायण सिंह ने कहा कि राजीव गांधी ने शिक्षा, विज्ञान एवं तकनीकी विकास के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य किए तथा इक्कीसवीं सदी के नए भारत की आधारशिला रखी। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को राजीव गांधी के लोकतांत्रिक मूल्यों एवं आधुनिक सोच से प्रेरणा लेने की आवश्यकता है।

स्वागत भाषण देते हुए गोपाल सिंह ने कहा कि राजीव गांधी का जीवन राष्ट्रसेवा, आधुनिक चिंतन एवं युवाशक्ति को आगे बढ़ाने की प्रेरणा देता है। समिति उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करती रहेगी।

कार्यक्रम में विषय प्रवेश झारखंड प्रदेश कांग्रेस के पूर्व सचिव अलख निरंजन चौबे ने कराया। उन्होंने राजीव गांधी के राजनीतिक जीवन, विकासवादी सोच एवं राष्ट्रीय एकता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि “राजीव गांधी ने युवा भारत का सपना देखा था। उनकी नीतियों ने देश में तकनीकी एवं शैक्षणिक विकास की मजबूत नींव रखी।”

वक्ताओं ने कहा कि आज जिस डिजिटल भारत, तकनीकी विकास और लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत बनाने की चर्चा देशभर में हो रही है, उसकी शुरुआत राजीव गांधी के कार्यकाल में ही हुई थी। ग्रामीण भारत को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने तथा पंचायती राज संस्थाओं को सशक्त बनाने में उनका योगदान ऐतिहासिक रहा।

कार्यक्रम में झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के समन्वयक रामदेव प्रसाद यादव, प्रदेश कांग्रेस कमिटी के सचिव जैश रंजन पाठक एवं पूर्णिमा पाण्डेय, जिला कांग्रेस कमिटी के उपाध्यक्ष नवल किशोर पाठक, नशीम खान, महासचिव एकराम माइकल, बिनोद पाठक, जिला परिषद सदस्य मुकेश सिंह, सुरेश पाठक, ईश्वरी प्रसाद सिंह, मशरूर अहमद, शमीम अहमद राईन, गिरिजा राम, विद्या सिंह चेरो, सतीश कुमार चौबे, राजकुमार सिंह, रंजीत सिंह एवं बबलू दुबे सहित कई नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

सभा में सामाजिक एवं सांस्कृतिक क्षेत्र से जुड़े कई लोगों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इनमें शीला श्रीवास्तव, बिमला देवी, हिरवर पाण्डेय, प्रमोद दास गुप्ता, पंकज श्रीवास्तव, मो. शाहनवाज, जितेन्द्र सिंह, व्यास सिंह, शिवशंकर प्रसाद, विक्टर केरकेट्टा एवं अवधेश सिंह सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग शामिल रहे।

कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं नेताओं ने राजीव गांधी के बताए रास्ते पर चलने तथा समाज में भाईचारा, लोकतंत्र एवं विकास की भावना को मजबूत करने का संकल्प लिया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Featured News

रांची के प्रसिद्ध व्यवसायी लव भाटिया का संदिग्ध मौत, उद्योग जगत में शोक