ad

ad

पांकी में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना कार्यालय का शुभारंभ, लोगों को दी गई सोलर ऊर्जा की विस्तृत जानकारी


पांकी:- पांकी मेन बाजार स्थित प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के नवीन कार्यालय का बुधवार को भव्य शुभारंभ किया गया। उद्घाटन से पूर्व सभी जनप्रतिनिधियों एवं अतिथियों का गमछा पहनाकर स्वागत किया गया। इसके बाद मुख्य अतिथि ललित मेहता एवं वरिष्ठ अतिथि जीत राम महाली ने फीता काटकर कार्यालय का विधिवत उद्घाटन किया।

इस अवसर पर प्रेम प्रसाद, शंकर प्रसाद गुप्ता, मुकेश सिंह चंदेल, मिथिलेश पांडे, सुरेंद्र सिंह, कार्तिक सिंह, अक्षय कुमार, कुंदन सिंह, राजदेव मेहता, श्यामनंदन ओझा एवं चुनमुन पांडे सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के लाभों की विस्तृत जानकारी दी गई। मुख्य अतिथि ललित मेहता ने कहा कि यह केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है, जिसका उद्देश्य हर घर तक सौर ऊर्जा पहुंचाकर लोगों को बिजली के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने बताया कि 1 किलोवाट सोलर सिस्टम लगाने पर लगभग 60 से 65 हजार रुपये की लागत आती है, जिसमें सरकार की ओर से सब्सिडी का लाभ मिलता है। वहीं व्यवसायिक उपयोग के लिए 5 किलोवाट और उससे अधिक क्षमता वाले सोलर सिस्टम भी उपलब्ध हैं।

उन्होंने कहा कि सोलर सिस्टम से उत्पन्न बिजली का समायोजन उपभोक्ताओं के बिजली बिल में किया जाएगा, जिससे लोगों का बिजली बिल लगभग शून्य तक हो सकता है। यदि अतिरिक्त बिजली उत्पादन होता है तो उसका क्रेडिट अगले महीने के बिल में जोड़ा जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान लोगों को बताया गया कि प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत 1 किलोवाट पर लगभग 30 हजार रुपये, 2 किलोवाट पर 60 हजार रुपये तथा 3 किलोवाट तक के सिस्टम पर 78 हजार रुपये तक की सरकारी सब्सिडी उपलब्ध है। साथ ही आसान डाउन पेमेंट एवं बैंक फाइनेंस सुविधा भी दी जा रही है।

लोगों को यह भी जानकारी दी गई कि 3 किलोवाट सोलर सिस्टम प्रतिदिन लगभग 15 यूनिट तथा प्रतिमाह 450 यूनिट बिजली उत्पादन कर सकता है, जबकि 5 किलोवाट सिस्टम 750 यूनिट, 6 किलोवाट सिस्टम 900 यूनिट, 8 किलोवाट सिस्टम 1200 यूनिट और 10 किलोवाट सिस्टम लगभग 1500 यूनिट तक बिजली उत्पादन करने में सक्षम है। इससे घरेलू एवं व्यवसायिक उपभोक्ताओं के बिजली बिल में 80 से 100 प्रतिशत तक की बचत संभव है।
कार्यक्रम में बताया गया कि वर्ष 2014 से अब तक देश की सौर ऊर्जा क्षमता में 5,266 प्रतिशत की वृद्धि हुई है और यह 2.8 गीगावाट से बढ़कर 150.26 गीगावाट तक पहुंच चुकी है। वक्ताओं ने कहा कि सौर ऊर्जा अपनाने से 25 वर्षों तक सस्ती एवं स्वच्छ बिजली मिल सकती है, रखरखाव खर्च कम होता है और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलता है।

कार्यालय के प्रोपराइटर पंकज कुमार ने कहा कि कार्यालय के माध्यम से लोगों को सोलर इंस्टॉलेशन, सरकारी सब्सिडी, नेट मीटरिंग, बैंक फाइनेंस एवं तकनीकी सहायता से संबंधित सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने लोगों से सस्ता नहीं बल्कि गुणवत्तापूर्ण सोलर सिस्टम चुनने की अपील करते हुए कहा कि सही सोलर सिस्टम लंबे समय तक बेहतर सेवा देता है।

उन्होंने बताया कि सोलर सिस्टम घर, दुकान, ऑफिस, स्कूल, फार्म हाउस, होटल, कृषि कार्य, वाटर प्लांट, ईवी चार्जिंग एवं छोटे-बड़े व्यवसायों के लिए काफी उपयोगी साबित हो रहा है। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों से स्वच्छ ऊर्जा अभियान एवं आत्मनिर्भर भारत मिशन से जुड़ने की अपील भी की गई।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Featured News

महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का हस्ताक्षर अभियान, बिट्टू पाठक और हृदयानंद मिश्रा ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना