पांकी (पलामू):- विश्व तम्बाकू निषेध दिवस के अवसर पर मजदूर किसान महाविद्यालय, डंडार कला में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तत्वावधान में नशा मुक्ति एवं तम्बाकू निषेध जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. दिलीप कुमार राम ने की, जबकि संचालन एवं नेतृत्व कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. वंशीधर ने किया।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को तम्बाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। वक्ताओं ने कहा कि तम्बाकू सेवन कैंसर, हृदय रोग, श्वसन संबंधी बीमारियों तथा अन्य गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का प्रमुख कारण है। युवाओं को इन बुराइयों से दूर रहकर स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनानी चाहिए।
प्राचार्य डॉ. दिलीप कुमार राम ने कहा कि राष्ट्र के निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। ऐसे में विद्यार्थियों को नशे से दूर रहकर शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक विकास के प्रति जागरूक होना चाहिए। वहीं कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. वंशीधर ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और समाज में भी जागरूकता फैलाने का कार्य करें।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने तम्बाकू और नशे से दूर रहने तथा दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की शपथ ली। अंत में सभी ने मिलकर नशा मुक्त एवं तम्बाकू मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षकगण, राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
0 टिप्पणियाँ