ad

ad

पलामू में बालू संकट गहराया, भाकपा ने उपायुक्त से की तत्काल पहल की मांग

10 जून के बाद बालू उठाव बंद हो जाएगा, समय रहते बालू घाटों की नीलामी जरूरी” : रूचिर कुमार तिवारी

**मेदिनीनगर/पलामू:** भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के जिला सचिव सह डालटेनगंज विधानसभा के पूर्व विधायक प्रत्याशी रूचिर कुमार तिवारी ने प्रेस बयान जारी कर पलामू जिले में बालू संकट को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार द्वारा सभी जिलों के उपायुक्तों को बालू उठाव सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई है, लेकिन राज्य के केवल दो-तीन जिलों में ही इस दिशा में पहल हुई है।

भाकपा ने पलामू उपायुक्त से मांग की है कि जिले के अंदर अविलंब बालू घाटों को चिन्हित कर बालू की ढुलाई और उठाव सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम लोगों को घर निर्माण एवं अन्य कंस्ट्रक्शन कार्यों में परेशानी का सामना न करना पड़े।

रूचिर तिवारी ने कहा कि पलामू जिले में प्रतिदिन हजारों तिहाड़ी मजदूर काम की तलाश में आते हैं, लेकिन बालू नहीं मिलने के कारण उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। वहीं छड़, सीमेंट एवं अन्य निर्माण सामग्री व्यवसायियों का कारोबार भी प्रभावित हो रहा है।

उन्होंने कहा कि एनजीटी के नियमों के अनुसार 10 जून के बाद बालू उठाव पूरी तरह बंद हो जाएगा। ऐसे में समय रहते बालू घाटों की नीलामी और संचालन शुरू नहीं होने पर अबुआ आवास, प्रधानमंत्री आवास समेत कई निर्माण कार्य प्रभावित हो सकते हैं।

भाकपा नेताओं ने मांग की कि बरसात शुरू होने से पहले पर्याप्त मात्रा में बालू उपलब्ध कराया जाए, ताकि व्यवसायिक वर्ग बालू का भंडारण कर सके और बारिश के दौरान भी मजदूरों को रोजगार मिलता रहे।

प्रेस बयान जारी करने वालों में वरिष्ठ कम्युनिस्ट नेता सूर्यपत सिंह, कृष्ण मुरारी दुबे, नौजवान संघ अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी, योगेंद्र सिंह एवं नसीम राइन शामिल थे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Featured News

पलामू में बालू संकट गहराया, भाकपा ने उपायुक्त से की तत्काल पहल की मांग