अनुशासन, नेतृत्व और राष्ट्रसेवा की सीख लेकर लौटेंगे युवा कैडेट्स
पांकी प्रखंड के डंडार कला स्थित मजदूर किसान महाविद्यालय के राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के कैडेट्स बुधवार को पलामू जिला स्कूल में आयोजित 10 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर में भाग लेने के लिए उत्साह और जोश के साथ रवाना हुए। महाविद्यालय प्रशासन के मार्गदर्शन तथा एएनओ आलोक कुमार पाठक के नेतृत्व में कैडेट्स का दल प्रशिक्षण शिविर के लिए प्रस्थान किया।
रवानगी से पहले महाविद्यालय परिसर में एक संक्षिप्त समारोह आयोजित किया गया, जहां उपस्थित शिक्षकों एवं अधिकारियों ने कैडेट्स का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. दिलीप कुमार राम ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि एनसीसी केवल एक संगठन नहीं, बल्कि युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कैडेट्स को अनुशासन, समर्पण और जिम्मेदारी की भावना के साथ प्रशिक्षण में भाग लेने की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण शिविर युवाओं में देशभक्ति, नेतृत्व क्षमता और सामूहिक कार्य संस्कृति का विकास करते हैं। शिविर के दौरान प्रतिभागियों को सैन्य प्रशिक्षण के साथ-साथ प्राथमिक चिकित्सा, आपदा प्रबंधन, सामाजिक सेवा और व्यक्तित्व विकास से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी जाएगी।
एएनओ आलोक कुमार पाठक ने बताया कि महाविद्यालय के कैडेट्स हर वर्ष की तरह इस बार भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लक्ष्य के साथ शिविर में भाग लेने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण युवाओं को शारीरिक और मानसिक रूप से सशक्त बनाने के साथ-साथ उन्हें नई चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार करेगा। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों से आए कैडेट्स के साथ संवाद और सहभागिता से उन्हें नए अनुभव प्राप्त होंगे।
शिविर के लिए रवाना होते समय कैडेट्स में विशेष उत्साह देखने को मिला। भारत माता की जय और एनसीसी गीत के नारों के बीच उन्होंने पूरे जोश और आत्मविश्वास के साथ अपने प्रशिक्षण सफर की शुरुआत की। इस अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में कैडेट्स उपस्थित रहा।
एनसीसी का यह विशेष प्रशिक्षण शिविर न केवल युवाओं को अनुशासन और राष्ट्रसेवा का पाठ पढ़ाएगा, बल्कि उनमें नेतृत्व, आत्मविश्वास और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को भी मजबूत करेगा। महाविद्यालय के इन युवा कैडेट्स से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है, जो प्रशिक्षण से लौटकर अपने अनुभवों से अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरित करेंगे।
0 टिप्पणियाँ