05 जून की प्रस्तावित सभा पर पुनर्विचार की मांग
रामपुर में शांति व्यवस्था बनाए रखने को लेकर क्षत्रिय महासभा सक्रिय
05 जून की प्रस्तावित सभा पर पुनर्विचार की मांग
रामपुर में शांति व्यवस्था बनाए रखने को लेकर क्षत्रिय महासभा सक्रिय
मेदिनीनगर। अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा ट्रस्ट, झारखंड के प्रदेश अध्यक्ष संजय सिंह ने महासभा के शिष्टमंडल के साथ उपायुक्त पलामू, पुलिस अधीक्षक पलामू एवं अनुमंडल पदाधिकारी सदर को ज्ञापन सौंपकर रामपुर गांव की वर्तमान संवेदनशील स्थिति को देखते हुए 05 जून 2026 को प्रस्तावित सभा के संबंध में प्रशासनिक हस्तक्षेप एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया है कि चैनपुर प्रखंड अंतर्गत रामपुर गांव में हाल ही में हुई हिंसक घटना के बाद क्षेत्र का माहौल अभी भी तनावपूर्ण एवं संवेदनशील बना हुआ है। महासभा के प्रतिनिधिमंडल ने हाल ही में गांव का दौरा कर ग्रामीणों, सामाजिक प्रतिनिधियों एवं स्थानीय लोगों से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल के अनुसार गांव में अभी भी भय, असुरक्षा और तनाव का वातावरण व्याप्त है तथा सामाजिक सौहार्द एवं आपसी विश्वास की पुनर्स्थापना की आवश्यकता है।
महासभा ने प्रशासन को अवगत कराया कि 05 जून 2026 को रामपुर मलाह टोली में एक बड़ी सभा आयोजित किए जाने की तैयारी चल रही है, जिसके लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। संगठन ने आशंका व्यक्त की कि वर्तमान परिस्थितियों में बड़ी संख्या में लोगों के जुटने से सामाजिक तनाव बढ़ सकता है तथा कानून-व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।
ज्ञापन में कहा गया है कि इस समय प्रशासन की प्राथमिकता क्षेत्र में शांति, सौहार्द और विश्वास बहाली होनी चाहिए। साथ ही हालिया घटना की निष्पक्ष जांच करते हुए दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई तथा निर्दोष लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए।
महासभा ने जिला प्रशासन से आग्रह किया है कि प्रस्तावित सभा के संबंध में वर्तमान परिस्थितियों, संभावित भीड़ एवं कानून-व्यवस्था की स्थिति का गंभीरता से आकलन कर आवश्यक निर्णय लिया जाए। यदि किसी प्रकार की अशांति की आशंका हो तो सभा की अनुमति पर पुनर्विचार करते हुए आवश्यक एहतियाती कदम उठाए जाएं। साथ ही पर्याप्त पुलिस बल एवं दंडाधिकारियों की तैनाती सुनिश्चित की जाए।
ज्ञापन सौंपने वालों में प्रदेश अध्यक्ष संजय सिंह के अलावा राजकुमार सिंह, संजू सिंह, महाराणा प्रताप सिंह, मिथलेश सिंह, मनोज सिंह, प्रदीप सिंह, अरविंद सिंह, जितेंद्र सिंह, अजय सिंह, शैलेश सिंह, प्रभात सिंह, राजू सिंह, राणा सिंह एवं प्रेमतोष सिंह सहित अन्य सदस्य शामिल थे।
0 टिप्पणियाँ