मेदिनीनगर: राज्य के वित्त, वाणिज्यकर, योजना एवं विकास तथा संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने सोमवार को समाहरणालय सभागार में आयोजित जिला स्तरीय बैंकर्स समीक्षा बैठक में जिले का सीडी रेश्यो (क्रेडिट-डिपॉजिट रेश्यो) 36 प्रतिशत रहने पर गंभीर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि लगातार खराब प्रदर्शन करने वाले बैंकों में सरकारी राशि रखने के विषय में पुनर्विचार किया जा सकता है।
बैठक में मंत्री ने बताया कि पिछली समीक्षा बैठक में जिले का सीडी रेश्यो 40 प्रतिशत था, लेकिन चार माह के दौरान इसमें गिरावट दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि बैंकों की जिम्मेदारी केवल जमा राशि बढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि स्थानीय स्तर पर ऋण वितरण बढ़ाकर आर्थिक गतिविधियों को गति देना भी है।
मंत्री ने कृषि, स्वरोजगार एवं लघु उद्यमों के लिए ऋण वितरण में तेजी लाने, किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) के लंबित आवेदनों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाओं के विस्तार पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि पलामू एक आकांक्षी जिला है और इसके समग्र विकास में बैंकिंग संस्थानों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
0 टिप्पणियाँ