छतरपुर (पलामू)। पलामू जिले के छतरपुर अनुमंडल अंतर्गत नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र में महिलाओं को झांसा देकर आभूषण ठगने वाले एक संगठित गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई के दौरान गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार, गिरोह के सदस्य गांव-गांव घूमकर लोगों का विश्वास जीतते थे और चांदी व सोने के आभूषणों को चमकाने या साफ करने का लालच देकर ठगी की वारदात को अंजाम देते थे। हाल ही में एक महिला से अंगूठी और मंगलसूत्र साफ करने के बहाने गहने लेकर फरार होने की घटना सामने आई थी, जिसके बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की।
छतरपुर अनुमंडल पदाधिकारी प्रशांत कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में कई अहम खुलासे हुए हैं। आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे दो-दो लोगों के समूह में मोटरसाइकिल से गांवों में घूमते थे। चांदी की सफाई के दौरान वे चांदी के कुछ हिस्सों को गलाकर अपने पास रख लेते थे और बाद में उससे धातु अलग कर बेच देते थे। वहीं, यदि कोई व्यक्ति सोने का आभूषण साफ कराने के लिए देता था तो उसे हड़पने की कोशिश की जाती थी।
इस मामले में हुल्सी खुर्द गांव निवासी अनिता देवी (30 वर्ष), पति संतोष उरांव, द्वारा दर्ज कराए गए आवेदन के आधार पर नौडीहा बाजार थाना कांड संख्या 47/2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में सुपौल जिले के जदिया थाना क्षेत्र निवासी प्रिंस कुमार (20), राहुल कुमार (21) और रोहित कुमार (21) शामिल हैं। इसके अलावा अररिया जिले के रानीगंज थाना क्षेत्र के मटियारी गांव निवासी प्रभु कुमार शाह (28), रोहन कुमार (22) और अक्षय कुमार (22) को भी पुलिस ने दबोचा है।
पूरे अभियान का नेतृत्व नौडीहा बाजार थाना प्रभारी पु०अ०नि० नीरज कुमार ने किया। छापेमारी दल में थाना पुलिस के अन्य जवान भी शामिल रहे।
इस गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने ऐसे गिरोह पर बड़ी कार्रवाई की है, जो भोले-भाले ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं को निशाना बनाकर ठगी की घटनाओं को अंजाम दे रहा था। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के बहकावे में आकर अपने कीमती आभूषण न सौंपें और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत स्थानीय थाना को दें। ऐसी सतर्कता ही ठगी जैसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगा सकती है।
0 टिप्पणियाँ