मेदिनीनगर। जिला आपूर्ति पदाधिकारी-सह-जिला प्रबंधक प्रमोद कुमार दास ने बुधवार को राज्य खाद्य निगम (एसएफसी) गोदाम, बैरिया मेदिनीनगर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खाद्यान्न भंडारण, साफ-सफाई तथा सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की।
निरीक्षण के क्रम में जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने गोदाम परिसर की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने, खाद्यान्न का सुरक्षित एवं व्यवस्थित रख-रखाव करने तथा FIFO (फर्स्ट इन फर्स्ट आउट) पद्धति का शत-प्रतिशत अनुपालन करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी आवश्यक पंजीयों को अद्यतन रखने और परिसर में स्थापित सीसीटीवी कैमरों को निरंतर चालू अवस्था में रखने पर विशेष जोर दिया।
श्री दास ने सहायक गोदाम प्रबंधक को निर्देशित किया कि उपलब्ध सभी खाद्यान्न स्टॉक की वैज्ञानिक तरीके से स्टैकिंग कर सुरक्षित भंडारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि खाद्यान्न की गुणवत्ता एवं सुरक्षा बनी रहे। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) से संबंधित खाद्यान्न आपूर्ति व्यवस्था में पारदर्शिता और गुणवत्ता बनाए रखना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
0 टिप्पणियाँ