पांकी (पलामू) विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर पांकी में भव्य एवं प्रेरणादायक साइकिल रैली का आयोजन किया गया। "मेरा युवा भारत (MY Bharat) पलामू" के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न शिक्षण संस्थानों के शिक्षकों के साथ-साथ सैकड़ों छात्र-छात्राओं एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ पांकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर से किया गया। रैली को प्रमुख पंचम प्रसाद, उपप्रमुख अमित चौहान, चिकित्सक डॉ. रियाज आलम एवं समाजसेवी मंजुलता दुबे ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके बाद साइकिल रैली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से निकलकर पांकी बाजार के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए पुनः अस्पताल परिसर पहुंची, जहां यह एक जागरूकता गोष्ठी में तब्दील हो गई।
रैली के दौरान प्रतिभागियों ने स्वास्थ्य, फिटनेस, पर्यावरण संरक्षण एवं सतत परिवहन के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। वक्ताओं ने कहा कि साइकिल केवल एक किफायती और सुविधाजनक परिवहन साधन ही नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली और स्वच्छ पर्यावरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। नियमित रूप से साइकिल चलाने से शारीरिक फिटनेस बेहतर होती है तथा पर्यावरण प्रदूषण को कम करने में भी मदद मिलती है।
रैली में शामिल बच्चों और युवाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। पूरे मार्ग में प्रतिभागियों ने जोश और ऊर्जा के साथ साइकिल चलाकर लोगों को फिट रहने तथा पर्यावरण को स्वच्छ बनाए रखने का संदेश दिया। युवाओं और विद्यार्थियों की बड़ी भागीदारी ने कार्यक्रम को और अधिक सफल एवं प्रभावशाली बनाया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में जमशेद सर, नवनीत सिन्हा, राजू सिंह, अभिषेक उपाध्याय, कपिल कुमार, दीपिका कुमारी, कनिष्क प्रसार एवं दीपक की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सभी अतिथियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं सहयोगियों के सक्रिय सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि विश्व साइकिल दिवस मनाने का मुख्य उद्देश्य युवाओं और बच्चों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाना है। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को नियमित रूप से साइकिल चलाने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प दिलाया गया।
0 टिप्पणियाँ