मेदिनीनगर: सोशल मीडिया पर वायरल हुई एक छोटी बच्ची की भावुक अपील का असर शनिवार को देखने को मिला, जब पलामू के उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत स्वयं उसके घर पहुंचे और परिवार को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया। बच्ची ललिता कुमारी ने अपने दिव्यांग माता-पिता के लिए आवास और अन्य सहायता की मांग की थी, जिस पर उपायुक्त ने त्वरित संज्ञान लिया।
उपायुक्त ने परिवार से मुलाकात कर बच्चों को जन्म प्रमाण पत्र सौंपे तथा उनकी शिक्षा और भविष्य को लेकर बातचीत की। उन्होंने दिव्यांग दंपति को बाबा साहब भीमराव अंबेडकर आवास योजना के तहत आवास स्वीकृत किया और ट्राई साइकिल भी उपलब्ध कराई। बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रेरित करते हुए उन्होंने नियमित पढ़ाई जारी रखने की सलाह दी।
इस दौरान उपायुक्त ने अवसाने-3, बरेवा टोला स्थित नव निर्मित आंगनबाड़ी केंद्र का उद्घाटन किया। उन्होंने ललिता कुमारी के भाई आशिक कुमार और बहन आरती कुमारी सहित अन्य बच्चों का नामांकन आंगनबाड़ी केंद्र में कराया तथा उपस्थिति रजिस्टर में स्वयं प्रविष्टि दर्ज की। बच्चों के बीच स्लेट, कॉपी, पेंसिल, शार्पनर, इरेज़र और फलों का वितरण भी किया गया।
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि संबंधित परिवार को सभी पात्र सरकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाए तथा बच्चों को स्पॉन्सरशिप योजना से जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं से वंचित नहीं रहना चाहिए।
उन्होंने इस मामले को सामने लाने वाले सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर की सराहना करते हुए कहा कि सोशल मीडिया जनहित के मुद्दों को प्रशासन तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बन रहा है। यह घटना सोशल मीडिया के सकारात्मक उपयोग का एक प्रेरणादायक उदाहरण है।
0 टिप्पणियाँ