मेदिनीनगर: पलामू जिले में चल रहे तीन दिवसीय पल्स पोलियो अभियान के दूसरे दिन सोमवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने मेदिनीनगर के हमीदगंज इलाके में घर-घर जाकर पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाई। इस दौरान उन्होंने अभियान की प्रगति का भी निरीक्षण किया। उनके साथ सिविल सर्जन, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने स्वास्थ्यकर्मियों के साथ कई घरों का दौरा किया और अभिभावकों से बातचीत कर उन्हें पोलियो से बचाव के लिए प्रत्येक बच्चे को समय पर दवा पिलाने के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों की सुरक्षा के लिए सभी पात्र बच्चों तक दवा पहुंचाना बेहद जरूरी है।
उपायुक्त ने कहा कि जिले का कोई भी बच्चा पोलियो रोधी खुराक से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे स्वास्थ्य विभाग की टीमों का सहयोग करें और यदि किसी कारणवश कोई बच्चा दवा पीने से छूट गया हो तो इसकी सूचना तत्काल संबंधित स्वास्थ्यकर्मी को दें।
गौरतलब है कि 28 जून से जिले में तीन दिवसीय पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत हुई है। इस अभियान के तहत तीन लाख से अधिक बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। पहले दिन जिले के 1600 से अधिक पोलियो बूथों पर बच्चों को दवा पिलाई गई, जबकि दूसरे और तीसरे दिन स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को पोलियो की खुराक उपलब्ध करा रही हैं।
0 टिप्पणियाँ