पांकी (पलामू)। जैक बोर्ड द्वारा 11वीं कक्षा के छूटे हुए विद्यार्थियों के लिए विशेष परीक्षा एवं पुनः पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू किए जाने के बावजूद एमके इंटर कॉलेज, डंडारकलां में दूसरे दिन भी विद्यार्थियों का पंजीकरण नहीं हो सका। लगातार दूसरे दिन भी समाधान नहीं निकलने से नाराज छात्रों ने कॉलेज के मुख्य प्रवेश द्वार पर ताला जड़ दिया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नाराजगी व्यक्त की।
गौरतलब है कि कॉलेज प्रशासन द्वारा अपने आधिकारिक फेसबुक पेज के माध्यम से विद्यार्थियों को पुनः पंजीकरण संबंधी जानकारी एवं प्रक्रिया के लिए कॉलेज बुलाया गया था। इसके बाद सोमवार को बड़ी संख्या में छात्र कॉलेज पहुंचे थे, लेकिन पंजीकरण नहीं हो सका। मंगलवार को भी छात्र समाधान की उम्मीद लेकर कॉलेज पहुंचे, परंतु उन्हें फिर निराशा हाथ लगी।
छात्रों का आरोप है कि कॉलेज में न तो पुनः पंजीकरण की कोई प्रक्रिया शुरू हुई और न ही कोई जिम्मेदार अधिकारी विद्यार्थियों को स्पष्ट जानकारी देने के लिए मौजूद था। छात्रों के अनुसार कॉलेज के प्राचार्य अवध बिहारी सिंह तथा प्रबंधन समिति के अन्य जिम्मेदार सदस्य भी मौके पर उपस्थित नहीं मिले, जिससे विद्यार्थियों में आक्रोश और बढ़ गया।
द्यार्थियों का कहना है कि पिछले कई दिनों से उन्हें आश्वासन दिया जा रहा है कि छूटे हुए छात्रों का पुनः पंजीकरण कराया जाएगा और विशेष परीक्षा आयोजित होगी। लेकिन अब तक कोई ठोस प्रगति नहीं होने से उनके भविष्य को लेकर चिंता बढ़ती जा रही है। छात्रों ने आरोप लगाया कि लगातार आश्वासन तो दिए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई व्यवस्था दिखाई नहीं दे रही है।
हालांकि इस संबंध में प्राचार्य अवध बिहारी सिंह से संपर्क किए जाने पर उन्होंने बताया कि वे छात्रों के कार्य से संबंधित आवश्यक प्रयासों के लिए कॉलेज से बाहर हैं। उन्होंने कहा कि कॉलेज प्रशासन विद्यार्थियों के हित में लगातार प्रयास कर रहा है और उन्हें पूरी उम्मीद है कि छूटे हुए छात्रों का पंजीयन तथा परीक्षा कराने में सफलता मिलेगी।
प्राचार्य ने कहा कि विद्यार्थियों के हित में सभी संभावित विकल्पों पर कार्य किया जा रहा है तथा संबंधित अधिकारियों और विभागों से लगातार संपर्क बनाए रखा गया है। उन्होंने छात्रों से धैर्य बनाए रखने की अपील भी की।
वहीं दूसरी ओर, समाधान नहीं निकलने से नाराज विद्यार्थियों ने कॉलेज परिसर में विरोध प्रदर्शन किया और अंततः कॉलेज के मुख्य प्रवेश द्वार पर ताला जड़ दिया। छात्रों ने कहा कि जब तक उनके पंजीकरण और परीक्षा को लेकर स्पष्ट निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
विद्यार्थियों का कहना है कि यह केवल एक प्रशासनिक प्रक्रिया का मामला नहीं है, बल्कि सैकड़ों छात्रों के एक शैक्षणिक वर्ष और उनके भविष्य से जुड़ा हुआ विषय है। इसलिए संबंधित विभाग, जैक बोर्ड और कॉलेज प्रशासन को अविलंब हस्तक्षेप कर समस्या का समाधान करना चाहिए।
फिलहाल कॉलेज में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है और छात्र आगे की रणनीति पर विचार कर रहे हैं। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि छूटे हुए विद्यार्थियों के पंजीकरण और विशेष परीक्षा को लेकर क्या अंतिम निर्णय लिया जाता है।
0 टिप्पणियाँ