निर्वाचन प्रक्रियाओं की जानकारी के साथ कार्यकर्ताओं को संगठन विस्तार का दिया गया संदेश
लेस्लीगंज, पलामू। कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त बनाने तथा कार्यकर्ताओं को मतदाता सूची पुनरीक्षण संबंधी प्रक्रियाओं से अवगत कराने के उद्देश्य से मंगलवार को लेस्लीगंज कोट पंचायत भवन में प्रखंड संवाद सह विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता लेस्लीगंज प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष सुधीर सिंह ने की।
पलामू जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में आयोजित इस एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में पांकी विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न प्रखंडों से कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। शिविर का मुख्य उद्देश्य संगठनात्मक ढांचे को बूथ स्तर तक मजबूत करना और निर्वाचन संबंधी दायित्वों के प्रति कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करना था।
कार्यक्रम में झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव सह पलामू जिला प्रभारी विनय सिंह उर्फ दीपू, प्रदेश सचिव एवं पांकी विधानसभा प्रभारी अमित साहू तथा जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष बिमला कुमारी मुख्य रूप से उपस्थित रहीं। इसके अलावा बीएलए मास्टर ट्रेनर मो. गुलाम नबी, राजेश चौरसिया और धनंजय पाठक ने प्रशिक्षण सत्र का संचालन किया।
अपने संबोधन में जिला प्रभारी विनय सिंह उर्फ दीपू ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में मतदाता सूची की शुद्धता अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर मतदाताओं को जागरूक करें तथा निर्वाचन आयोग की प्रक्रियाओं में सहयोग दें।
प्रशिक्षण सत्र के दौरान बीएलए मास्टर ट्रेनर मो. गुलाम नबी ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 23 मई 2026 से प्रत्येक बूथ पर प्रकाशित अनमैप्ड मतदाता सूची का सावधानीपूर्वक निरीक्षण करना आवश्यक है। जिन मतदाताओं का नाम इस सूची में शामिल है, उन्हें वर्ष 2003 की मतदाता सूची से मैपिंग कराना होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि SIR प्रक्रिया के दौरान केवल उन्हीं मतदाताओं को गणना पत्र उपलब्ध कराया जाएगा, जिनकी मैपिंग पूर्ण हो चुकी होगी।
उन्होंने कांग्रेस पदाधिकारियों और पंचायत स्तर के कार्यकर्ताओं से कहा कि यदि किसी मतदाता की मैपिंग में परेशानी आती है तो उसकी सूचना तत्काल जिला कांग्रेस कमेटी को दें, ताकि समय रहते आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके। प्रशिक्षण के दौरान फॉर्म-6, फॉर्म-7, फॉर्म-8 तथा गणना पत्र से संबंधित सभी आवश्यक प्रक्रियाओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष बिमला कुमारी ने अपने संबोधन में कहा कि कांग्रेस पार्टी की विचारधारा, नीतियों और जनहितकारी कार्यक्रमों को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और बूथ-बूथ तक पहुंचकर लोगों से सीधा संवाद स्थापित करने तथा राज्य में चल रही महागठबंधन सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
वहीं विश्रामपुर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी सुधीर चंद्रवंशी ने कहा कि चुनावी प्रक्रिया में बीएलए की भूमिका बेहद अहम होती है। उनकी सक्रियता और सजगता चुनावी परिणामों को प्रभावित करने की क्षमता रखती है। ऐसे में उन्हें प्रशिक्षित और सक्षम बनाना संगठन की प्राथमिकता होनी चाहिए।
कार्यक्रम में प्रदेश कोऑर्डिनेटर रामदेव यादव, पांकी विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी लाल सूरज, वरिष्ठ कांग्रेस नेता सत्यानंद दुबे, प्रदेश कोऑर्डिनेटर रुद्र शुक्ला, जिला उपाध्यक्ष मिथिलेश सिंह, नसीम खान, विश्राम दुबे, महासचिव जितेंद्र कमलापुरी, विवेका त्रिपाठी, अभिषेक तिवारी, रंजन दुबे, नंद किशोर मिश्रा, बबलू दुबे, रविंद्र कुमार, गंगा देवी, तारकेश्वर पासवान, राजू सिंह, विशुनदेव यादव, अमिताभ शर्मा, प्रमोद यादव, रविंद्र पासवान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
संगठन और लोकतंत्र दोनों को मजबूत करने का संकल्प
दिनभर चले इस प्रशिक्षण शिविर में संगठन विस्तार, बूथ प्रबंधन और मतदाता सूची पुनरीक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गंभीर मंथन हुआ। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि मजबूत संगठन और जागरूक कार्यकर्ता ही लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावी बना सकते हैं। कांग्रेस नेताओं ने कार्यकर्ताओं से आगामी चुनावी चुनौतियों के लिए तैयार रहने और जनता के बीच निरंतर सक्रिय रहने का आह्वान किया।
0 टिप्पणियाँ