मेदिनीनगर: पलामू के उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय सभाकक्ष में कल्याण विभाग की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में योजनाओं की प्रगति का आकलन करते हुए अधिकारियों को लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए।
समीक्षा के दौरान प्री-मैट्रिक एवं पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति, मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना, धुमकुड़िया भवन निर्माण, सरना, मसना, जाहेर एवं हड़गड़ी स्थल तथा कब्रिस्तान की घेराबंदी, छात्रावासों के रखरखाव और धार्मिक स्थलों के निर्माण सहित अन्य योजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।
उपायुक्त ने कहा कि सभी योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए तथा निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी संबंधित अधिकारी तय समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण कराएं।
बैठक में लाभुकों को योजनाओं का समय पर लाभ उपलब्ध कराने, लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन और विभागीय समन्वय के साथ कार्य करने पर भी जोर दिया गया। इस अवसर पर जिला कल्याण पदाधिकारी, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
0 टिप्पणियाँ