मेदिनीनगर (पलामू): जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत इन्यूमरेशन (गणना) फॉर्म वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस अभियान में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और तय समय के अनुसार प्रगति नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।
समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने सभी विधानसभा क्षेत्रों की प्रगति का जायजा लिया। कुछ क्षेत्रों में फॉर्म वितरण और डिजिटाइजेशन की धीमी रफ्तार पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया।
उन्होंने सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक बीएलओ और बीएलओ सुपरवाइजर को प्रतिदिन फॉर्म वितरण, फॉर्म संग्रहण और डिजिटाइजेशन का स्पष्ट लक्ष्य दिया जाए तथा रोजाना उसकी निगरानी की जाए। लक्ष्य और उपलब्धि में अंतर मिलने पर तत्काल कारणों की समीक्षा कर आवश्यक कदम उठाए जाएं।
उपायुक्त ने पंचायत स्तर पर आयोजित विशेष SIR शिविरों में भी अधिक से अधिक फॉर्म वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्धारित लक्ष्य पूरा किए बिना किसी भी कैंप को बंद नहीं किया जाए।
बैठक के अंत में उपायुक्त ने दोहराया कि SIR-2026 के कार्यों में सुस्ती या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर अथवा अन्य जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। सभी को निर्धारित समयसीमा के भीतर लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए गए।
0 टिप्पणियाँ