मेदिनीनगर (पलामू)। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने शनिवार को विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) एवं बीएलओ सुपरवाइजरों द्वारा गणना प्रपत्रों के वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन कार्य की विस्तृत जानकारी ली गई।
समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने कई बीएलओ से सीधे संवाद कर उनके कार्यों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अपने समक्ष गणना प्रपत्र भरवाकर पूरी प्रक्रिया का अवलोकन किया और आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। बैठक में डालटनगंज विधानसभा के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
उपायुक्त ने कहा कि सभी बीएलओ प्रशिक्षण के अनुरूप पूरी सावधानी और शुद्धता के साथ गणना प्रपत्र भरने एवं डिजिटाइजेशन का कार्य सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम लोकतांत्रिक प्रक्रिया की शुचिता और विश्वसनीयता से जुड़ा अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या त्रुटि स्वीकार्य नहीं होगी।
उन्होंने सभी बीएलओ एवं बीएलओ सुपरवाइजरों को लक्ष्यवार (Target-wise) और कैंप मोड में कार्य करते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर गणना प्रपत्रों का वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन पूरा करने का निर्देश दिया। साथ ही बीएलओ सुपरवाइजरों को नियमित मॉनिटरिंग कर आने वाली समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने तथा सभी संबंधित अधिकारियों को बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
0 टिप्पणियाँ